भोपाल:राज्य के महिला एवं बाल विकास विभाग ने 1573 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 3194 आंगनवाड़ी सहायिकाओं (कुल 4767 पदों) की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। ज्ञातव्य है कि हर साल 1 जनवरी से 30 जून तथा 1 जुलाई से 31 दिसम्बर तक रिक्त हुये 18 से 35 वर्ष की आयु वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के पदों पर भर्ती की जाती है।
मिलेगा अवकाश भी:
इस बार भर्ती में चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सामान्य अवकाश के अंतर्गत एक वर्ष में 20 दिन के अवकाश की पात्रता होगी किन्तु एक बार में उन्हें 10 दिन से अधिक अवकाश नहीं मिलेगा। मातृत्व अवकाश के अंतर्गत उन्हें एक वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद पूरे सेवाकाल में दो बार मातृत्व अवकाश की पात्रता होगी तथा गर्भावस्था के आठवें माह के बाद कभी भी 180 दिन का मातृत्व अवकाश दिया जायेगा। गर्भपात के लिये भी 45 दिन का अवकाश दिया जा सकेगा। इसके अलावा, उन्हें प्रति वर्ष 1 जून से 15 जून तक 15 दिन का ग्रीष्मकालीन अवकाश भी दिया जायेगा लेकिन इस अवकाश के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र को कोई नया हितग्राही तो नहीं लिया जायेगा लेकिन इस दौरान उन्हें टीकाकरण, मासिक वजन लेने, टेक होम राशन देने, आंगनवाड़ी केंद्र की साफ-सफाई, मरम्मत आदि के काम करने होंगे।
डॉ. नवीन आनंद जोशी