सिटी थाना पुलिस ने लूट के मामले को 6 घण्टे में ही सुलझा लिया। पुलिस के अनुसार क्राइम पेट्रोल देखकर मौसी की संपत्ति को हड़पने महिला द्वारा चाकू की नोक पर लूट की गई। रविवार की रात को थाना इटारसी में एक महिला के द्वारा सूचना दी गई कि दरमियान रात्रि करीब 2 से 3 बजे के बीच दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों के द्वारा उसके घर में घुसकर उसके साथ चाकू की नोक पर लूट की और वारदात को अंजाम दिया है।
बताया जाता है कि सूचना कर्ता महिला ने षड्यंत्र के तहत अपनी मौसी के कमरे में रखी रकम सोने की 4 अंगूठी, 2 लॉकेट, 2 जोड़े टॉप्स, सोने की एक चेन व गुल्लक में रखे करीब 70 हजार रुपये नगदी को हड़पने के लिए आज से लगभग 4 माह पहले प्लान किया और प्लान के तहत अपनी मौसी के नगदी राशि 70 हजार रुपये को निकालकर खर्च कर लिए।
इसके बाद महिला का लालच बढ़ते गया और उसने अपनी मौसी के उक्त जेवरात को दो बार में मुथुट फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखते हुए उसके बदले में क्रमशः 72 हजार तथा 83 हजार रुपये प्राप्त कर उसे खर्च कर लिए तथा मौसी को बताती रही कि पेटी की चाबी गुम गई है!
जब मौसी तीर्थ यात्रा के लिए मथुरा रवाना हुई तो षड्यंत्र कारी महिला ने योजना के मुताबिक अपने घर का सामान फैला दिया और पेटी का ताला खोलकर पेटी का सामान फैलाकर पुलिस को लूट की झूठी घटना की सूचना देते हुए बताया कि 12-13 नवम्बर की रात्रि में जब वह अपने दो बच्चे के साथ अपने घर मे सो रही थी तभी दो अज्ञात बदमास नकाब लगाकर उसके घर के सामने का दरवाजा का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और चाकू को उसके बच्चे के गले पर लगाकर उसको धमकाकर लूट की।
महिला ने बच्चों को भी झूठ बोलने को तैयार कर लिया। महिला ने बताया कि उसने यह षड्यंत्र क्राइम पेट्रोल नामक चर्चित सीरियल को देखकर किया।