कृषि उपज मंडियों में मेनुअल पर्चियों का उपयोग प्रतिबंधित किया


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

विशेष रुप से तौल पर्ची एवं भुगतान पत्रक मेनुअल रुप से जारी करने पर रोक लगाई गई है..!!

भोपाल: प्रदेश की 259 कृषि उपज मंडी समितियों में मेनुअल पर्चियों का उपयोग प्रतिबंधित कर दिया गया है। विशेष रुप से तौल पर्ची एवं भुगतान पत्रक मेनुअल रुप से जारी करने पर रोक लगाई गई है। मेनुअल पर्चियां जारी करने से ई-मंडी पोर्टल पर दर्ज प्रवेश पर्चियों की संख्या की तुलना में नीलामी, तौल एवं भुगतान पर्चियों की संख्या में अंतर आ रहा था जिससे ई-मंडी प्रणाली की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता प्रभावित हो रही थी।

राज्य मंडी बोर्ड ने इस संबंध में सभी मंडी सचिवों को निर्देश जारी किये हैं। निर्देश में कहा गया है कि ई-मंडी प्रणाली के अंतर्गत मंडी प्रांगण में सम्पन्न होने वाले समस्त विक्रय संव्यवहार रियल टाइम में ई-मंडी पोर्टल के माध्यम से ही संपादित किये जायें जिससे प्रवेश पर्ची, नीलामी पर्ची, तौल पर्ची एवं भुगतान पत्रक आदि के शतप्रतिशत दस्तावेज ऑनलाईन हो सकें। अब किसी भी परिस्थिति में मेनुअल पर्ची जारी करने की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसी स्थिति पाई गई तो जानबूझकर की गई गंभीर अनियमितता मानते हुये संबंधित मंडी सचिव के विरुध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। आंचलिक कार्यालयों के संयुत संचालक भी साप्ताहिक आधार पर इसकी समीक्षा करेंगे।