भोपाल: नवीन अविरल निर्मल नर्मदा योजना के तहत नर्मदा नदी के दोनों तटों से 10 किमी की दूरी तक वन भृूमि पर सघन पौधरोपण होगा। यह रोपण 12 वनमंडलों के 95 वन कक्षों में 5600 हैक्टेयर वन क्षेत्र में किया जायेगा। इसके लिये राज्य सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
उक्त पौधरोपण सात वर्ष में किया जायेगा। इसके लिये बजट की व्यवस्था वन विभाग के कैम्पा फण्ड से की जायेगी। इसके लिये कुल 124 करोड़ 46 लाख रुपये की मंजूरी वित्त विभाग से मिल गई है। वर्ष 2025-26 में 70 करोड़, वर्ष 2026-27 में 22 करोड़ 40 लाख, वर्ष 2027-28 में 12 करोड़ 88 लाख, वर्ष 2028-29 में 5 करोड़ 88 लाख, वर्ष 2029-30 में 4 करोड़ 62 लाख, वर्ष 2030-31 में 4 करोड़ 34 लाख तथा वर्ष 2031-32 में भी 4 करोड़ 32 लाख रुपये इस योजना में खर्च किये जायेंगे। यह राशि क्षेत्र तैयारी, गढ्ढा खुदाई, पौध परिवहन, रोपण, निदाई/गुड़ाई एवं रखरखाव में व्यय की जायेगी।
ये लाभ होंगे :
* नर्मदा नदी अविरल बहेगी तथा नदी के तटों का भूमि कटाव रुकेगा।
* स्थानीय ईको सिस्टम व जैव विविधता में सुधार होगा।
* पौध रोपण कार्यों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी से नदियों का संरक्षण होगा।
* जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक प्रभावों पर नियंत्रण स्थापित होगा।
* भू-जल स्तर में वृध्दि होगी।
* रोजगारमूलक गतिविधियों का क्रियान्वयन कर ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा।