MP में भाजपा के 75 फीसदी सांसदों का टिकट खतरे में, नामों पर मुहर कल! 


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

29 सीटों पर रायशुमारी के बाद नामों की सूची लेकर प्रदेश के दिग्गज दिल्ली रवाना..!!

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशी चयन का पहला पड़ाव पूरा कर लिया है। सभी 29 सीटों पर रायशुमारी के बाद नामों की सूची लेकर बुधवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और दूसरे सीनियर लीडर दिल्ली रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश में भाजपा के 75 फीसदी सांसदों का टिकट खतरे में है। 

प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 28 पर बीजेपी के सांसद हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि भाजपा अपने 28 में से 21 सांसदों के टिकट काट सकती है।

इनमे विधानसभा चुनाव लड़ चुके साथ सांसदों के अलावा 14 अन्य सांसद शामिल हैं। रायशुमारी में बने पैनल के आधार पर 29 फरवरी को दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद कभी भी भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित की जा सकती है।

भाजपा ने इस बार लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन करने व्यापक स्तर पर रायशुमारी की है। रायशुमारी के लिए BJP में मंगलवार को दिनभर मंथन चला। भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुबह विधायक-सांसदों की बैठक हुई। 

दोपहर में प्रदेश पदाधिकारी, शाम को बीजेपी कोर कमेटी और फिर प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई। चुनाव समिति की बैठक में रायशुमारी के बाद 23 लोकसभा सीटों के संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा की गई।