जयपुर में आज ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ, रक्षामंत्री के साथ तीनों सेना प्रमुख होंगे शामिल


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद रह सकते हैं। इस दौरान ऑपरेशन से जुड़ी फिल्म भी रिलीज की जाएगी..!!

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ सेना जयपुर में मनाएगी। यहां के साउथ वेस्टर्न कमांड में गुरुवार को कार्यक्रम होगा। इसमें शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ तीनों सेनाओं के प्रमुख जयपुर आएंगे। कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद रह सकते हैं। इस दौरान ऑपरेशन से जुड़ी फिल्म भी रिलीज की जाएगी।

भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर किया था। तब पाकिस्तान से लगती लंबी सीमा, सैन्य ठिकानों की मौजूदगी और सीमावर्ती जिलों की संवेदनशीलता के कारण ऑपरेशन सिंदूर का प्रमुख केंद्र राजस्थान रहा था। ऐसे में सेना ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए राजस्थान को चुना है।

जयपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार दोपहर 12 बजे तीनों सेनाओं के प्रमुख के साथ खातीपुरा स्थित सप्त शक्ति कमांड में मीडिया को संबोधित करेंगे। शाम 5 बजे ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी फिल्म को रिलीज किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस फिल्म के कई शॉट्स रियल हैं, जिन्हें ऑपरेशन सिंदूर के समय शूट किया गया था।

सेना ने ऑपरेशन सिंदूर पर जयपुर में जारी होने वाली फिल्म से पहले उसका टीजर जारी किया है। इसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय एयरफोर्स, नेवी और आर्मी के ऑपरेशन के दौरान के विजुअल दिखाए गए हैं। यह टीजर आधी रात को 1 बजकर 7 मिनट पर जारी किया गया। ठीक 1 साल पहले इसी समय भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया था।

सेना ने इस साल जयपुर को आर्मी डे परेड के लिए भी चुना था। जगतपुरा में महल रोड पर 15 जनवरी को आर्मी डे परेड हुई थी। पहली बार यह परेड आर्मी एरिया से बाहर आमजन के बीच हुई थी। परेड में भारतीय सेनाओं की शौर्य और वीरता को पूरी दुनिया ने देखा था। सेना की अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया गया था।