भोपाल: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सोमवार को बुरी खबर आई। दबंग और सैलानियों का चहेता टाइगर पुजारा की टेरिटरी फाइट में मौत हो गई। मृत टाइगर की उम्र 8-9 वर्ष बताई जाती है। जिस इलाके पुजारा की मौत हुई वहां डीएम और डी-1 नामक युवा टाइगरों का भी मोमेंट है। संभवतः इन दोनों में से किसी एक टाइगर के साथ पुजारा की फाइट हुई और उसकी मौत हो गई।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के संचालक डॉ अनुपम सहाय ने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग 6:30 बजे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत खितौली परिक्षेत्र की पश्चिम बगदरी बीट के ढमढमा कैंप के सुरक्षा श्रमिकों द्वारा बाघों के लड़ने की आवाज सुनी गई। जिसके उपरांत गश्ती दल के द्वारा ढमढमा क्षेत्र की सघन छानबीन की गई।
छानबीन एवं गश्ती के दौरान एक बाघ मृत अवस्था में मिला। वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा दूर से किए गए प्राथमिक परीक्षण में प्रथम दृष्ट्या बाघ की मृत्यु आपसी संघर्ष से होना पाया गया है। बाघ के शरीर पर हमले के निशान है तथा प्रथम दृष्टया समस्त अंग मौके पर सुरक्षित पाए गए है। स्थल की घेराबंदी की गई है तथा आगे की छानबीन एवं विवेचना हेतु हाथी गश्ती दल, डॉग स्क्वाड, मेटल डिटेक्टर दल को सूचित किया गया है। आगे की समस्त कार्यवाही NTCA द्वारा जारी गाइडलाइन एवं SOP के आधार पर की जा रही है।
गणेश पाण्डेय