भोपाल. भारी बारिश के कारण भोपाल नागपुर मार्ग पर एक पुल टूट गया है. फोरलेन पर मंडीदीप कलियासोत पुल एक तरफ से बह गया है. पुल पर से आवागमन रोक दिया गया है. भोपाल और मंडीदीप के बीच 11 मील के करीब पानी का बहाव तेज होने के कारण यह पुल टूट गया है. कलियासोत पुल टूटने से मंडीदीप आवाजाही करने वाले वाहनों को बड़े पुल से निकाला जा रहा है. यहां से निकलनेवाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नर्मदापुरम रोड पर भोपाल और मंडीदीप के बीच फोरलेन पर  पुल टूट जाने से मंडीदीप की ओर जाने वाले वाहनों को बड़े पुल से निकाला जा रहा है. टूटे पुल की स्थिति देखकर साफ नजर आ रहा है कि दूसरी तरफ की स्थिति भी कमजोर हो चुकी है. अगर इस पर से वाहन निकाले गए तो निश्चित ही दूसरी तरफ का पुल भी भरभरा कर गिर सकता है. 

बरसात में भोपाल और मंडीदीप के बीच सर्विस रोड का लंबा हिस्सा बह गया है. कलियासोत पुल के पास हाइवे भर भराकर बैठ गया। हाइवे पर पुल ढहने के बाद प्रशासन ने ट्रैफिक को डाइवर्ट कर दिया है। यह नया हाइवे इसी साल चालू हुआ था। इस हाइवे को एनएचएआई के तत्वावधान में बनवाया गया था। हाइवे निर्माण के समय से ही घटिया निर्माण के आरोप लगते रहे। 559 करोड़ के  हाइवे की पहली बारिश में ही पोल खुल गई। सर्विस रोड का लंबा छोड़ा हिस्सा धंस जाने के बाद प्रशासन ने वैरिकेटिंग करके ट्रैफिक डायवर्ड करा दिया है।