लंबे इंतजार के बाद, मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने सोमवार देर रात एक बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। सरकार ने 14 IAS और 50 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। बता दें कि ये तबादले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को धार जिले के प्रस्तावित दौरे से पहले किए गए हैं। सीएम मोहन यादव ने अपने भरोसेमंद जनसंपर्क आयुक्त डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को इंदौर का कमिश्नर नियुक्त किया है, जबकि इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को उज्जैन संभाग कमिश्नर के साथ-साथ सिंहस्थ के मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना को नई जिम्मेदारी के तौर पर जनसंपर्क आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा कटनी, आगर-मालवा और बड़वानी के कलेक्टर भी बदले गए हैं। इस तबादला सूची में दो आईएएस दंपत्ति को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इंदौर के निगम आयुक्त शिवम वर्मा को इंदौर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि उनकी पत्नी ज्योति सिंह, जो 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में उज्जैन जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हैं, इनको बड़वानी का कलेक्टर बनाया गया है।

इसके अलावा, इंदौर आयुक्त दीपक सिंह को मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग का सचिव बनाया गया है। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अभिषेक सिंह को नई नियुक्ति के रूप में गृह विभाग के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगर-मालवा के कलेक्टर रहे राघवेंद्र सिंह को जबलपुर का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि कटनी के कलेक्टर दिलीप कुमार यादव को इंदौर का निगम आयुक्त बनाया गया है। बड़वानी की कलेक्टर गुंचा सनोवर को राज्य शासन में उप सचिव बनाया गया है। वहीं, जबलपुर की निगम आयुक्त प्रीति यादव का तबादला आगर मालवा कलेक्टर के पद पर किया गया है।
परीक्षित संजय राव झाड़े, जो अब तक अपार आयोग नगरीय प्रशासन के सीईओ थे, को इंदौर विकास प्राधिकरण का सीईओ नियुक्त किया गया है। इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ राम प्रकाश अहिरवार को जबलपुर का निगम आयुक्त नियुक्त किया गया है।
 
                                 
 
										 
										 
 
										 पुराण डेस्क
																										पुराण डेस्क 												 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
															 
											 
											 
											