MP News: सीधी कांड को लेकर बीते कई दिनों से मध्यप्रदेश काफी चर्चाओं में हैं. अब सीधी के बाद इंदौर के राऊ क्षेत्र से दो आदिवासी लड़कों के साथ मारपीट का एक वीडियो सामने आया है. जिस पर अब सियासत शुरू हो गई है. दरअसल, वीडियो में एक युवक दोनों आदिवासी लड़कों को पाइप से पीटता दिख रहा है. मारपीट करने वाला युवक भद्दी गालियां भी दे रहा है. जिसका वीडियो अब वायरल है.

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा हैं. उन्होंने ट्वीट पोस्ट करते हुए लिखा, मध्यप्रदेश में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार सभी सीमाओं को लांघ गए हैं. आदिवासी समुदाय की पीड़ा को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं है. सीधी की घटना के बाद जिस तरह से इंदौर के राऊ क्षेत्र में दो आदिवासी बच्चों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आया है, उसे देखकर रूह कांप जाती है.

उन्होंने आगे लिखा, क्या भाजपा के कुशासन ने समाज में इतनी घृणा घोल दी है कि कुछ लोग आदिवासी समुदाय और अन्य वंचित समुदाय से नफरत करने लगे हैं और उनका उत्पीड़न करने के लिए सारी हदें पार कर रहे हैं. इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. इसके साथ ही उन लोगों के ऊपर भी कार्यवाही होने चाहिए जो समाज में इस तरह की विकृत मानसिकता को बढ़ावा दे रहे हैं.

जानिए क्या है पूरा मामला-

ख़बरों के मुताबिक, ये घटना शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे राऊ क्षेत्र की है. दोनों आदिवासी लड़के नाबालिग हैं. दोनों सगे भाई धार जिले के नालछा के रहने वाले हैं. दोनों काम से लौटकर घर जा रहे थे, तभी सड़क पर बाइक अचानक फिसल गई और दोनों गिर गए.

गाड़ी फिसलने की बात को लेकर दोनों भाइयों का गार्ड से विवाद हो गया, तभी अचानक गाली गलौज भी शुरू हो गई. दोनों भाइयों ने गाली देने का विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया. इसके बाद आरोपी युवक सुमित चौधरी अपने कुछ साथियों के साथ दोनों भाइयों को राऊ क्षेत्र में एक सुनसान जगह ले गया. जहां दोनों को रातभर बंधक बनाकर रखा, इस दौरान जमकर पीटा और वीडियो भी बना लिया.

उस जगह से अगली सुबह दोनों भाई बड़ी मुश्किल से निकले पाएं. वहां से निकलते ही उन्होंने अपने परिजनों से संपर्क किया और घटना के बारे में बताया. फ़िलहाल, दोनों भाइयों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

इंदौर प्रशासन की तरफ से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ये घटना राऊ थाना क्षेत्र की है. दो दिन पहले ही 7 जुलाई को रात करीब साढ़े 9 बजे दोनों पीड़ित भाई ट्रेजर फेंटेसी के सामने से गुजर रहे थे. तभी उनकी बाइक अचानक स्लीप हो गई. इस दौरान वहां तैनात गार्ड्स के साथ उनकी बहस हुई. जिस पर गार्ड्स उन्हें किडनैप कर गार्ड हाउस ले गए. वहां उन्हें बुरी तरह से पीटा और वीडियो भी बना लिया.

इस घटना पर तत्काल एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी, किडनैपिंग, मारपीट करना, गाली-गलौज करना, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया. अब तक पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित चौधरी समेत उसके साथी जितेंद्र बघेल और प्रेम शंकर को भी हिरासत में ले लिया है. साथ ही पुलिस वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर आगे जांच में जुट गई है.