भोपाल। प्रदेश की दो सरकारी हवाई पट्टियां एक निजी कंपनी को एयरो स्पोर्ट्स हेतु किराये पर दी जायेंगी। राज्य के विमानन विभाग ने इस पर सहमति प्रदान कर दी है तथा जल्द ही निजी कंपनी से एग्रीमेंट कर दोनों हवाई पट्टियां किराये पर दे दी जायेंगी।
दरअसल पिछले दिनों विमानन विभाग ने प्रदेश के छह जिलों यथा पचमढ़ी-होशंगाबाद, मण्डला, झाबुआ, सीधी, नीमच एवं शिवपुरी की सरकारी हवाई पट्टियों को एयरो स्पोर्ट्स आदि गतिविधियों के लिये निजी क्षेत्र को देने के लिये ऑफर बुलवाये थे। इनमें से नीमच एवं शिवपुरी की हवाई पट्टियों के लिये सागर जिले की हवाई पट्टी पर पहले से ही ट्रेनिंग सेंटर चला रही चाईम्स एविएशन अकादमी को देने का निर्णय लिया गया है।
उक्त कंपनी नीमच जिले के लिये 17 लाख रुपये एवं शिवपुरी जिले के लिये 8 लाख रुपये वार्षिंक किराया राज्य सरकार को दिया जायेगा। शेष चार जिलों पचमढ़ी-होशंगाबाद, मण्डला, झाबुआ एवं सीधी के लिये किसी भी निजी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई है, इसलिये इन्हें किराये पर नहीं दिया जायेगा।
चार कंपनियों ने स्टेट प्लेन देने दिया ऑफर :
प्रदेश के नये स्टेट जेट प्लेन के लिये चार कंपनियों ने अपने ऑफर दिये हैं। इनमें गल्फ स्ट्रीम एयरोस्पेस सवानह जार्जिया ने जी 280, बाम्बरडियर एनिएशन कनाडा ने चेलेन्जर 3500, डेजाल्ट एविएशन पेरिस फ्रांस ने फाल्कन जेट 2000 एलएक्सएस तथा टेक्सट्रान एविएशन विचिटा केन्सास अमेरिका ने सेसना साईटेशन जनरेशन-2 एवं लेटीट्यूट जेट विमानों के ऑफर दिये हैं। अब राज्य का विमानन विभाग इन कंपनियों से उनकी तकनीकी स्थिति जानेगा एवं वित्तीय दरें आमंत्रित करेगा।