भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल दो दिन बाद 30 नवंबर को समाप्त हो जाएगा, लेकिन अब भी नए मुख्य सचिव को लेकर संशय की स्थिति है। राज्य से लेकर केंद्र तक चार नामों को लेकर चल रही चर्चा में इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल बढ़ाए जाने की संभावना अधिक है, लेकिन अगर बैंस का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जाता है तो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अनुराग जैन, अजय तिर्की और मध्य प्रदेश में अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान के नाम पर विचार हो सकता है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को दिल्ली में रहेंगे। संभावना है कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुख्य सचिव के नाम को लेकर चर्चा कर सकते हैं। प्रदेश का अगला मुख्य सचिव कौन होगा, इसको लेकर अब तक परिदृश्य साफ न होने से अलग-अलग अनुमान लगाए जा रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सर्वाधिक संभावना इस बात की है कि वर्तमान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को सेवावृद्धि मिल सकती है। दरअसल, वे मुख्यमंत्री के भरोसेमंद अधिकारियों में शामिल हैं।
उनके रहते प्रदेश ने केंद्र सरकार की कई प्राथमिकता वाली योजनाओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक कसावट के लिए कलेक्टर-कमिश्नर, आइजी, एसपी कांफ्रेंस और जिलेवार समीक्षा करने का सिलसिला प्रारंभ किया है और उसकी नियमित समीक्षा की व्यवस्था भी बनाई है।
जनवरी 2023 में प्रवासी भारतीय दिवस, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और जी-20 की बैठकें होनी हैं। इसकी तैयारियां चल रही हैं। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री चौहान, बैंस को सेवावृद्धि दिलवा सकते हैं। यदि केंद्र सरकार सहमत नहीं होती है तो फिर अनुराग जैन, अजय तिर्की और मोहम्मद सुलेमान के नाम पर विचार हो सकता है।
अनुराग जैन मुख्यमंत्री के सचिव रहे चुके हैं। वहीं, मोहम्मद सुलेमान भी उनके नजदीकी अधिकारियों में गिने जाते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में आदिवासी एजेंडे को देखते हुए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ 1987 बैच के आइएएस अधिकारी अजय तिर्की के नाम पर भी विचार हो सकता है।
दिल्ली में पार्टी के महाजनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे मुख्यमंत्री-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को नगर निगम दिल्ली (एमसीडी) के चुनाव में भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के अंतर्गत शास्त्री नगर, सरस्वती विहार, आदर्श नगर, शालीमार बाग, रोहिणी डी सेक्टर में जनसंपर्क और सभाएं करेंगे।