मध्यप्रदेश के शासकीय स्कूलों की कलई बारिश के कारण खुलती नज़र आ रही है। हाल ही में मध्यप्रदेश के सिवनी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें बच्चे स्कूल में भरे पानी में तैरते नज़र आ रहे थे, अब सिवनी का ही एक अन्य वीडियो वायरल है जिसमें छत टपकने के कारण बच्चे क्लास में छाता लगाकर पढ़ाई करते नज़र आ रहे हैं। 

वीडियो मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के आदिवासी  गाँव खेरीकला के प्राथमिक स्कूल का  बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ बच्चे कक्षा में टपकती छत के कारण छाते के नीचे बैठकर पढाई कर रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने प्रदेश सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाये हैं। प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता संगीता शर्मा ने स्कूल के हाल को भाजपा की कथनी और करनी में अंतर करार दिया है- 

https://twitter.com/SangeetaCongres/status/1552149271067054080?s=20&t=hiWKMUneqqsDSElc--YnBg

वीडियो में स्कूल की इमारत की जर्जर हालत साफ देखी जा सकती है। आलम ये है कि बारिश के कारण इमारत की छत से लगातार पानी रिसता रहता है, जिसकी वजह से बच्चे छाता लगाकर पढाई करने को मजबूर हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में क्लास की छत के प्लास्टर का एक हिस्सा भी एक छात्रा पर गिर गया था। जिसके बाद परिजन बच्चों को स्कूल भेजने से भी डर रहे हैं।