भोपाल में सोमवार से यूनेस्को की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस का आगाज होगा। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। दो दिन के सम्मेलन में भारत, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, मालदीव, श्रीलंका के विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधि विश्व विरासत स्थलों के संरक्षण के क्षेत्र में उपलब्धियों, चुनौतियों एवं आगामी रणनीति जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
कॉन्फ्रेंस में यूनेस्को नई दिल्ली के ऑफिस इंचार्ज हिचकील देलमिनी के अलावा मंत्री उषा ठाकुर भी मौजूद रहेंगी । पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं एमपी टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर विश्व धरोहरों के संरक्षण की दिशा में पिछले 50 वर्षों की उपलब्धियों को देखेगा और अगले 50 वर्षों के बारे में मंथन करेगा।
कॉन्फ्रेंस में विश्व विरासत और सतत विकास, विश्व विरासत और सतत पर्यटन, विश्व विरासत और वैश्विक रणनीति, ऐतिहासिक शहरी परिदृश्य जैसे विषयों पर मंथन होगा। सम्मेलन सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा और स्थायी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक एकीकृत दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करेगा।