अगले साल तक बनकर पूर्ण हो जाने वाले राममंदिर की सुरक्षा प्लान पर लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है। यह धनराशि स्वीकृत हो गई है और निर्माण की जिम्मेदारी यूपी निर्माण निगम को सौंपी गई है। अगले कुछ दिन में इसकी डीपीआर शासन को भेज दी जाएगी। इसमें जल, थल और नभ तीनों ओर से सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है। नवंबर तक मंदिर की सुरक्षा को पुख्ता किए जाने की डेडलाइन तय कर दी गई। बताया जाता है कि सुरक्षा प्लान के पहले चरण पर काम जल्द शुरु किए जाने की तैयारी है। लोकार्पण के पहले राम मंदिर की सुरक्षा पुख्ता दिखेगी।

लोकार्पण 15 जनवरी 2024 के बाद संभावित है और उसके बाद रामलला के मंदिर में आने वाले भक्तों की भीड़ खासी बढ़ जाएगी। प्रशासन लोकार्पण के पहले श्री राममंदिर और आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुख्ता करने की रणनीति पर काम कर रहा है। मंदिर को हवाई हमले से महफूज रखने सहित सरयू नदी और सुरक्षा का खाका खींचा गया है। मंदिर के बाहर की सुरक्षा का दायित्व प्रशासन का है। रामलला के मंदिर के अंदर की व्यवस्था ट्रस्ट देखेगा। प्रशासन के अफसर अंदर की सुरक्षा में भी समन्वय करेंगे।