उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक स्कूल में तीसरी कक्षा के एक छात्र ने स्कूल की बिल्डिंग की पहली मंजिल से छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि छात्र फिल्म देखने के बाद कृष के स्टंट दोहरा रहा था। छात्र गंभीर रूप से घायल है और उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

15 फीट की ऊंचाई से कूदने के दौरान छात्र की नाक, पैर और हाथ पर चोट लग गई। वह ऋतिक रोशन की क्रिश देखने के बाद स्टंट करने की कोशिश कर रहा था। बुधवार को वह पानी पीने के बहाने क्लास से बाहर निकला और रेलिंग फांदकर कूद गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

बाबूपुरवा कोतवाली क्षेत्र के एनएलसी कॉलोनी में रहने वाले दवा कारोबारी का आठ साल का बेटा डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र है। घायल छात्र ने अपनी मां से कहा है कि उसे क्रिश फिल्म का सुपरहीरो पसंद है। वह सुपर हीरो की तरह स्टंट करना चाहता था। एक सुपर हीरो ऊंचाई से कूदने के बाद सीधा अपने पैरों पर खड़ा हो जाता है। छात्र कुछ उसी तरह स्टंट करना चाहता था।

पिछले बुधवार को स्कूल समय के दौरान छात्र पानी की बोतल भरने के बहाने कक्षा से बाहर चला गया। उसके साथ तीन-चार अन्य छात्र भी थे, उसने अपने साथियों से भी कूदने को कहा। यह सुनकर बाकी छात्र पीछे हट गए, लेकिन उन्होंने उसे कूदने के लिए उकसाया। प्रिंसिपल नंदिता माली के मुताबिक छात्र ने खुद ही छलांग लगायी है। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।