UP News: कासगंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटने से बड़ा हादसा, 40 डूबे 22 की मौत


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार मरने वाले लोगों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। जो माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे थे..!!

उत्तर प्रदेश के कासगंज में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तालाब में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। घटना में 40 लोग तालाब में डूब गए। अब तक 22 की मौत की सूचना सामने आई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार मरने वाले लोगों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। जो माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे थे। सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से कासगंज स्थित कादरगंज घाट पर गंगा स्नान करने जा रहे थे।

फिलहाल घटनास्थल पर बुलडोजर से बचाव कार्य चलाया जा रहा है। कहा जा रहा है, कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एटा के जैथरा के रहने वाले हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरा। हादसा रियावगंज पटियाली मार्ग पर गढ़ई गांव के पास हुआ। यहां चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए।

कमिश्नर रवेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रॉली में 54 लोग सवार थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटकर तालाब में जा गिरी। 22 लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस की एक टीम और जांच अधिकारी को उनके गांव भेजा गया है।

सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि को तुरंत मौके पर पहुंचने को कहा गया है।

एसपी अपर्णा कौशिक ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। सभी लोगों को निकाल लिया गया है। कुछ लोगों के अंदर होने की सूचना है। उनकी भी तलाश की जा रही है। तालाब की दो-तीन बार जांच हो चुकी है। तलाश अभी भी जारी है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को बेहतर इलाज के निर्देश दिये गये हैं।