अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य ज़ोरों पर है। मंदिर निर्माण के साथ ही यहां आस्थावानों की संख्या में जबर्दस्त इज़ाफ़ा होना तय है। इसे देखते हुए अयोध्या में मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण कार्य भी तेजी से हो रहा है। इसका पहला चरण इस साल अगस्त तक पूरा होने वाला है।
नया एयरपोर्ट राम मंदिर से सिर्फ 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसका निर्माण कुछ इस तरह से किया जा रहा है कि यह वास्तुशिल्प का अद्वितीय उदाहरण के साथ परंपरा के साथ आधुनिकता का सहज मिश्रण दिखाई दे।
नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर अपडेट साझा किया है। सिंधिया ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रभु श्री राम के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र जी के दृढ़ संकल्प से राम जन्मभूमि, अयोध्या पर एक नवीन हवाईअड्डा आकार ले रहा है। 350 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस हवाईअड्डे का निर्माण कार्य सितम्बर 2023 तक पूर्ण हो जाएगा।
नए एयरपोर्ट की बात करें तो 6250 वर्ग मीटर में फैले हवाईअड्डे के अंतरिम टर्मिनल भवन में भव्य राम मंदिर का चित्रण किया गया है, जो यात्रियों को आध्यात्मिकता की अनुभूति कराएगा, भगवान श्री राम के जीवन चक्र को भी दर्शाएगा और धार्मिक पर्यटन के माध्यम से क्षेत्रीय समृद्धि के नए द्वार खोलेगा।
यह टर्मिनल आधुनिक सुविधाएं और सुविधाओं से लैस होगा। इसमें आठ चेक-इन काउंटर और तीन कन्वेयर बेल्ट होंगे, जो सुचारू यात्री प्रवाह सुनिश्चित करेंगे। पीक ऑवर्स के दौरान, टर्मिनल 300 यात्रियों को समायोजित कर सकता है, जिसकी वार्षिक क्षमता 600,000 यात्रियों से अधिक है।