संभल में शादी समारोह के दौरान दूल्हे ने दुल्हन को स्टेज पर किस कर लिया। इसके बाद दुल्हन नाराज हो गई और थाने में जाकर इसकी शिकायत थाना प्रभारी से कर दी। दुल्हन ने कहा कि अब वह दूल्हे के साथ नहीं रहेगी। वहीं, वर पक्ष का कहना था कि दुल्हन ने ही दूल्हे से किस करने की शर्त रखी थी।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान दूल्हे ने सबके सामने दुल्हन को किस कर लिया। दूल्हे को ये नहीं पता था कि ऐसा करना उसके लिए भारी पड़ जाएगा। क्योंकि जैसे ही दूल्हे ने किस किया, दुल्हन स्टेज छोड़कर थाने पहुंच गई। वहां दुल्हन ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, 26 नवंबर को मुख्यमंत्री के सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान बदायूं जिले के बिलसी गांव के एक युवक की शादी संभल के पवासा में एक युवती से हुई थी।
बताया जा रहा है कि पवासा में शादी समारोह में जयमाला कार्यक्रम के बाद दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठे थे। फिर उसी वक्त दूल्हे ने स्टेज पर सबके सामने दुल्हन को किस कर लिया। तो दुल्हन नाराज हो गई और वहां से उठकर कमरे में चली गई। परिजनों ने दुल्हन को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं थी। यहां तक कि दुल्हन ने मंच पर जाने से भी मना कर दिया था।