अयोध्या के शान ए अवध होटल से भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के मोबाइल फोन और करीब 25 लाख रुपए के गहने चोरी हो गए थे। इसके बाद आम्रपाली ने गुरुवार को सिविल लाइंस थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने चोरी के सामान को 24 घंटे के अंदर ही बरामद कर लिया है। जिसे लेकर आम्रपाली दुबे का कहना है, कि मुझे इतनी जल्दी मिलने की उम्मीद नहीं थी। शिकायत करने के अगले दिन सुबह आठ बजे फोन आया कि चोरी का सामान मिल गया है।
यूपी पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की। इसके बाद आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनके पास से जेवरात व चोरी का सामान बरामद किया गया है। चोरी में पिता गोपाल और पुत्र कुमार शामिल है।
CCTV फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने के लिए 16 पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई थी। 24 घंटे के अंदर पुलिस ने चोरी का सारा माल बरामद कर लिया। जब्त सामानों में एक सोने का हार, दो सोने की चूड़ियां, दो कान की बाली, एक चेन के साथ दो सोने के लॉकेट, सात सोने व हीरे की अंगूठियां, तीन मोबाइल, दो घड़ियां, एक पर्स सहित 2,905 रुपए शामिल हैं।
आम्रपाली दुबे भोजपुरी फिल्म विवाह-3 की शूटिंग के लिए अयोध्या आई थीं। फिल्म में खलनायक की भूमिका निभा रहे अवधेश मिश्रा, प्रदीप पांडे और उनके साथ आजमगढ़ सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ शूटिंग कर रहे हैं। आम्रपाली यहां सिविल लाइंस इलाके के शान ए अवध होटल में ठहरी हैं।
गुरुवार को आम्रपाली दुबे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके दो आई फोन मोबाइल और 25 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए हैं। गुरुवार की सुबह जब वे होटल आईं तो इस बात का पता चला।
मामले में सीओ सिटी का कहना है कि घटना गुरुवार सुबह करीब नौ बजे की है। हमारी पड़ताल में हमें CCTV फुटेज मिले। जिसमें एक लड़का आम्रपाली दुबे के कमरे में दाखिल होता दिख रहा है। कुछ मिनट बाद वह दो मोबाइल और जेवरात लेकर कमरे से निकलते हुए कैमरे में कैद हो गया था। इसी के आधार पर चोरों की धरपकड़ की गई है।