Maharashtra NCP Crisis: महाराष्ट्र की राजनीति में लगातार उथल-पुथल देखने को मिल रही है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को लेकर अजित पवार और शरद पवार गुट के बीच टकराव अभी भी देखने को मिल रहा है. इस बीच खबर सामने आई है कि अजित पवार गुट के कुछ विधायक NCP अध्यक्ष शरद पवार से मिलने वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंचे हैं.

शरद पवार से मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल का बयान-

शरद पवार से मुलाकात के बाद पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने बातचीत की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि हमें सुप्रिया सुले का फोन आया. हम केवल शरद पवार का आशीर्वाद लेने आए थे. हमने भी पवार साहब को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन पवार साहब ने कोई जवाब नहीं दिया. हालाँकि, उन्होंने शांति से हमारी बात सुनी. हमने उनसे अपील की कि NCP नेताओं को साथ रहना चाहिए.

इन मंत्रियों की हुई मुलाकात-

जिन नेताओं ने आज शरद पवार से मुलाकात की हैं, उनमें प्रफुल्ल पटेल, अजित पवार, छगन भुजबल, अदिति तटकरे, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, दिलीप वलसे पाटिल, संजय बनसोडे, सुनील तटकरे का नाम शामिल हैं.

अब तक की सियासी हलचल-

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर कब्जा करने की लड़ाई तेज हो गई है. 2 जुलाई को पार्टी अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने एनडीए गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की. वह अब बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन सरकार में डिप्टी सीएम भी हैं. अजित पवार के गुट ने 40 विधायकों के समर्थन का दावा किया है. अब दोनों गुट पार्टी के नाम व निशान पर अपना दावा ठोक रहे हैं. इसके अलावा दोनों गुटों ने इन हलचलों के बीच कई बड़े फैसले लेते हुए एक दूसरे पर वार-पलटवार भी किया.