उत्तराखंड में एक बड़ा हादसा हो गया है. उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस आज यानी रविवार को अचानक खाई में गिर गई. हादसे के वक्त बस मसूरी से देहरादून आ रही थी तभी अचानक बस खाई में गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. वहीं, डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं.

आईटीबीपी के जवानों ने बस से 26 लोगों को सुरक्षित निकाला-

मसूरी-देहरादून मार्ग पर रविवार को एक बस गहरी खाई में गिर गई. घटना के संबंध में मसूरी पुलिस ने बताया कि "सभी घायलों को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की मदद से बचा लिया गया है और उन्हें इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है."

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, आईटीबीपी के जवानों ने बस में सवार 26 लोगों को बाहर निकाल लिया है. इन लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में भर्ती कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में गिर गई थी. 

दो लोगों की मौके पर मौत-

उत्तराखंड रोडवेज की बस कई यात्रियों को लेकर जा रही थी, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में गिर गई. घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाकी सभी को गहरी खाई से निकाल लिया गया हैं.