भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी जिला सीहोर में प्रज्जवल बुधनी के नाम से एक योजना संचालित की हुई है जिसमें पांच सौ करोड़ रुपये से भी अधिक के विकास कार्य किये जा रहे हैं। इन योजना में बुधनी विधानसभा क्षेत्र की रेहटी तहसील में आने वाले दो गांवों अमीरगंज में 29 हैक्टेयर और महादेव बेन्द्रा में 36 हैक्टेयर में तालाब बनने हैं। यह कार्य जल संसाधन विभाग की सीहोर इकाई को दिया गया है। परन्तु यहां तालाब बनाने के लिये ग्रामीणों ने विरोध कर दिया है। जिससे यह कार्य रुक गया है।

दरअसल वहां वन भूमि भी है जिसके लिये वन संरक्षण कानून के तहत एनओसी ली जा रही है। परन्तु एक किसान ने अपने स्वामित्व की खेती की भूमि से अधिक भूमि पर कब्जा कर रखा है जबकि दूसरे मामले में वनाधिकार कानून के तहत मिले पट्टों पर दो किसानों का विवाद है। इसी कारण से यहां तालाब बनाये जाने का विरोध हो रहा है। अब मामले को सीहोर जिला कलेक्टर के माध्यम से हल करने के लिये कहा गया है।

तीन पर्यटक स्थलों का विकास भी शामिल :

प्रज्जवल बुधनी योजना के तहत वन विभाग को भी वहां तीन पर्यटक स्थलों टपकेश्वर, सलकनपुर एवं दिगम्बर का विकास करने का काम मिला है जो ईको टूरिज्म बोर्ड के माध्यम से कराया जा रहा है।

वर्ष 2021 में टपकेश्वर क्षेत्र के औडिया, नीनोर, मकोडिया, दीपाखेड़ा एवं पानगुराडिया में कैंपिंग, बर्ड वाचिंग, ट्रेकिंग एवं क्लाईम्बिंग हेतु ईको टूरिज्म बोर्ड ने पर्यटकों के लिये पेगोडा, शौचालय, चेंजिंग रुम आदि की सुविधायें उपलब्ध करा दी हैं जबकि वर्ष 2022 में सलकनपुर क्षेत्र के इटारसी, नीलकंठ एवं नकटीतलाई में बांध साईट कैंपिंग, बर्ड वाचिंग व ट्रेकिंग हेतु अमरगढ़ में नेचर ट्रेल, शौचालय, चेंजिंग रुम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है जिससे स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार प्राप्त हो रहा है, हालांकि सलकनपुर मंदिर क्षेत्र में कार्य प्रगति पर है।

अगले साल वर्ष 2023 में दिगम्बर क्षेत्र के सनखेड़ी, सत्तरमऊ एवं नीमटोन में कैंपिंग, बर्ड वाचिंग, ट्रैकिंग, रैपलिंग एवं सफारी के लिये प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।