तीन दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार तड़के एक दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक और घायल झांसी जिले के रहने वाले हैं। हादसा दिलकुशा कॉलोनी में हुआ।
बताया जा रहा है कि झांसी जिले के कुछ लोग कैंट एरिया में आर्मी कैंपस की पुरानी दीवार के सहारे बनाई गई एक कच्ची झोपड़ी में रह रहे थे। सभी यहाँ निर्माण कार्य में मज़दूर थे। सुबह करीब तीन बजे ईंट की कच्ची दीवार बारिश के कारण भरभराकर गिर गई।
लखनऊ: कैंट अंतर्गत दिलकुशा इलाके में बारिश की वजह से बड़ा हादसा. निर्माणाधीन दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत. 3 पुरुष, 3 महिला और 3 बच्चों की मौत, घायलों का इलाज जारी. सरकार ने की 4 लाख मुआवजे की घोषणा.#lucknow pic.twitter.com/XtqxDDR6sx
— Shubham shukla (@ShubhamShuklaMP) September 16, 2022
हादसे के साथ ही चीख पुकार मच गई। आर्मी एरिया करीब होने से सेना के जवानों ने तुरंत मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। इसके बाद भी 9 लोगों को नहीं बचाया जा सका। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण आसपास की मिट्टी धंसने से दीवार ढह गई।
हादसे में घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रेस्क्यू के लिए आर्मी के जवान भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के के परिजनों को 4 लाख रुपए की राहत राशि देने का ऐलान किया है।