हमीदिया हॉस्पिटल के वार्ड बॉय-टेक्नीशियन हड़ताल पर, तीन महीने से सैलरी ना मिलने के विरोध में 500 कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

BHOPAL NEWS: दो महीने पहले भी सैलरी नहीं मिलने को लेकर किया था प्रदर्शन, भोपाल के हमीदिया अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों को 3 महीने से नहीं मिली है सैलरी..!!

BHOPAL NEWS: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 500 से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारी एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। जिसके कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बाधित हो गयी है। दरअसल, 3 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण हमीदिया अस्पताल के वार्ड बॉय-टेक्नीशियन और अन्य लोग वेतन रियायत को लेकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

इतना ही नहीं सभी लोग सुबह से ही अस्पताल के सामने बैठकर नारेबाजी कर रहे हैं।  दरअसल, हमीदिया अस्पताल में वार्ड बॉय और टेक्नीशियन समेत अन्य आउटसोर्स स्टाफ को 3 महीने से वेतन नहीं मिला है। जिसके कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपको बता दें कि इससे पहले दीपावली के दौरान आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

हड़ताल को लेकर कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें दीपावली के दौरान बमुश्किल वेतन मिला था। लेकिन फिर वेतन रोक दिया गया। जिसके चलते उन्हें हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि वैसे भी हमें कम वेतन मिलता है और समय पर भुगतान नहीं होने से घर चलना मुश्किल हो जाता है। हमीदिया अस्पताल में वार्ड बॉय, टेक्नीशियन, सफाई कर्मचारी और कंप्यूटर कर्मचारी समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी एक साथ हड़ताल पर हैं।