भोपाल में फिर बदल गया मौसम, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी, सुबह से छाए बादल


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

राजधानी भोपाल के पुराने शहर बेरसिया और कोलार में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई जा रही है..!!

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को राजधानी भोपाल के पुराने शहर बेरसिया और कोलार में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। कहा जा रहा है, कि कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मार्च के आखिरी दिनों में भोपाल में भीषण गर्मी देखने को मिलती है। 2014 से 2023 के बीच 26 से 31 मार्च तक भीषण गर्मी पड़ती आई है। इस बार भी पिछले कुछ दिनों में मौसम काफी गर्म रहा है।

गुरुवार को दिन का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं शुक्रवार को अचानक मौसम में बदल गया। भोपाल में सुबह 9 बजे तक बादल छाए रहे। इसके बाद तेज धूप निकली। हालांकि दोपहर बाद मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।

आपको बता दें, पिछले 11 साल के मार्च के आंकड़ों पर नजर डालें तो भोपाल में चौथी बार मार्च सबसे गर्म रहा। इससे पहले 31 मार्च 2017 को 40.8 डिग्री, 31 मार्च 2019 को 40.8 डिग्री और 30 मार्च 2021 को 41 डिग्री था। शुक्रवार को तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।