MP में 4 दिन में बदलेगा मौसम, कहीं बारिश तो कहीं तेज आंधी, जानिए आपके शहर का हाल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

जल्द ही वसंत ऋतु की शुरुआत होगी, जिसमें लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी..!!

मध्य प्रदेश में अब ठंड का मौसम खत्म हो रहा है। लेकिन सुबह और रातें अभी भी ठंडी हैं और तेज धूप के बावजूद ठंडी हवाएं चल रही हैं। लेकिन अगले 4 दिनों में प्रदेश का मौसम बदलता नजर आएगा। अगले 4 दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है तो वहीं कुछ इलाकों में तेज आंधी भी चल सकती है।

शनिवार रात बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने जबलपुर, ग्वालियर, सागर, रीवा और नर्मदापुरम संभाग के कई जिलों में बारिश की भी संभावना जताई है। दतिया की रात सबसे ठंडी बताई जा रही है। यहां का न्यूनतम तापमान अभी भी 4.5 डिग्री दर्ज किया गया है।

वहीं, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, जबलपुर समेत 11 शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे देखा गया है। शुक्रवार रात भोपाल का तापमान 11.1 डिग्री, इंदौर का 13.1 डिग्री, ग्वालियर का 6.2 डिग्री, जबलपुर का 10.2 डिग्री और उज्जैन का 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, दतिया, रीवा, नौगांव, खजुराहो, राजगढ़, सतना, चीरा, धार, पचमढ़ी, गुना, उमरिया, रतलाम, सागर, रायसेन, मंडला में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तरी हवाएं चलेंगी। इसके बाद हवा पूर्व दिशा की ओर चलेगी। बंगाल की पहाड़ियों में नमी आएगी और इसके चलते शनिवार रात से बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट में बारिश शुरू हो सकती है। फरवरी का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है और बसंत के दिन शुरू होने वाले हैं। जो इस बात का संकेत दे रहा है कि सर्दी खत्म होने वाली है।

जल्द ही वसंत ऋतु की शुरुआत होगी, जिसमें लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। वसंत ऋतु में न तो अधिक ठंड होती है और न ही अधिक गर्मी और मौसम बहुत सुहावना हो जाता है। इस बार मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ी, जिससे मध्य प्रदेशवासियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा।