Welcome Team India: प्रधानमंत्री मोदी से मिले चैंपियंस, मुंबई में जश्न की तैयारी


Image Credit : X

T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया गुरुवार 4 जुलाई की सुबह दिल्ली पहुंची। यहां टीम इंडिया का ज़ोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद टीम इंडिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। टीम इंडिया सुबह करीब 9.30 बजे पीएम मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी से मिलने के बाद टीम इंडिया दूसरी चार्टर्ड फ्लाइट से मुंबई के लिए रवाना हुई। मुंबई में टीम इंडिया के लिए विजय परेड का आयोजन किया जाएगा। 

भारतीय टीम मुंबई में ओपन बस परेड करेगी, ठीक वैसे ही जैसे धोनी एंड कंपनी ने 2007 टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद की थी। परेड की जानकारी खुद बीसीसीआई ने दी। परेड शाम 5 बजे मुंबई के मरीन ड्राइव पर होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में एक प्रेजेंटेशन समारोह होगा, जहां भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बीसीसीआई सचिव जय शाह को ट्रॉफी सौंपेंगे। यह ट्रॉफी अगले दो साल तक बीसीसीआई मुख्यालय में रहेगी।

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क होगा। लेकिन जो पहले पहुंचेगा उसे जगह मिलेगी. एक बार सभी सीटें भर जाने पर दरवाजे बंद कर दिये जायेंगे। आपको बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतकर स्वदेश लौट आई है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने बारबाडोस से टूर्नामेंट के फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता। फाइनल जीतने के बाद टीम इंडिया बारबाडोस में रुकी।

अब उन्हें विशेष विमान से भारत वापस लाया गया। फ्लाइट दिल्ली में लैंड हुई। एयर इंडिया की चार्टर्ड फ्लाइट AIC24WC वहां से चैंपियंस और स्पोर्ट्स स्टाफ को लेकर आई। गौरतलब है कि टीम इंडिया बारबाडोस में फंसी हुई थी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टूर्नामेंट का फाइनल शनिवार 29 जून को केंसिंग्टन ओवल, बारबाडोस में खेला गया। इसके बाद बारबाडोस में चक्रवात आया, जिसके कारण टीम इंडिया करीब तीन दिन तक वहीं फंसी रही।

बारबाडोस में तूफान की तीव्रता इतनी भीषण थी कि हवाईअड्डे को बंद कर दिया गया और धीरे-धीरे कर्फ्यू जैसे हालात बन गए। स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई जिसके बाद बीसीसीआई ने टीम इंडिया को घर लाने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की। इस विशेष उड़ान से टीम इंडिया के अलावा वहां फंसे भारतीय मीडियाकर्मियों को भी लाया गया।