मध्य प्रदेश की खजुराहो सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद अब कांग्रेस ने घोषणा की है कि इस सीट से इंडिया अलायंस के संयुक्त उम्मीदवार फॉरवर्ड ब्लॉक आरबी प्रजापति होंगे। खजुराहो सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।
दरअसल मध्यप्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट काफी चर्चा में है। यहां से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके बाद पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति को सपा ने समर्थन दिया और कांग्रेस ने भी अब उनके नाम पर मुहर लगा दी है।
अब यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का मुकाबला इंडिया अलायंस के आम उम्मीदवार पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति (राजा भैया) से होगा। खजुराहो लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। हालांकि, इस सीट पर नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद विष्णु दत्त शर्मा समेत कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।
आपको बता दें कि खजुराहो लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार मीरा यादव का नामांकन रद्द कर दिया गया है। इसके बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इंडिया अलायंस की सहयोगी कांग्रेस से मंथन के बाद ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति को समर्थन पत्र जारी किया है। हाल ही में ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक प्रत्याशी पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति ने भोपाल में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी से मुलाकात भी की थी।