भोपाल: केंद्र सरकार के जेम (गवर्मेंन्ट ई मार्केट प्लेस) पोर्टल से प्रदेश के सरकारी विभागों एवं कार्यालयों द्वारा अगले एक साल में दोगुनी खरीदी की जायेगी। इसके लिये मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने सभी विभाग प्रमुखों कोनिर्देश जारी किये हैं।

जारी निर्देश में कहा गया है कि वर्तमान में जेम पोर्टल पर सामग्रियों के उपार्जन के साथ ही मेन पावर आउटसोर्सिंग सर्विस, एम्पेनलमेंट ऑफ कन्स्ल्टेंट सर्विस, सायबर सिक्युरिटी ऑडिट, एम्बूलेंस सर्विस, एडवरटाईजमेंट सर्विस आदि 246 प्रकार की सेवाओं के उपार्जन की सुविधा उपलब्ध है। क्रयकर्ता अधिकारियों द्वारा इनका जरुरत के अनुसार उपार्जन किया जाये।

निर्देश में कहा गया है कि राज्य शासन द्वारा मप्र में जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय को बढ़ावा देने तथा आगामी एक वर्ष में क्रय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। इसलिये क्रय हेतु जेम पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग किया जाये।