शाहपुरा थाना क्षेत्र स्थित गुलमोहर में शहडोल की महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताकर महिला को मुख्यमंत्री से मिलाने का झांसा दिया था और उससे अपने घर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बलात्कारका मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 35 साल की महिला शहडोल जिले के एक गांव की है। महिला ने बताया कि वह गांव में रजिस्ट्री का काम करती है। सुनील गुप्ता भी वहीं पर रजिस्ट्री का काम करता था और फिलहाल गुलमोहर कॉलोनी शाहपुरा में रह रहा है। सुनील गुप्ता खुद को बीजेपी का कार्यकर्ता बताता है। गत वर्ष नवंबर महीने में पीड़िता भोपाल आई थी और अशोका गार्डन में एक परिचित के घर रुकी थी। उसे कुछ काम के सिलसिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलना था। काफी प्रयास के बाद भी उसकी सीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। उसने सुनील गुप्ता को कॉल कर सीएम से मुलाकात करने की बात की। सुनील ने महिला से कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलाने में उसकी मदद करेगा। 4 नवंबर 2022 को सुनील ने कॉल कर बताया कि आईएसबीटी तक आ जाओ। मेरी परिचित से बात हो गई है, वह सीएम से तुम्हारी मुलाकात करा देंगे। महिला आरोपी के कहे अनुसार आईएसबीटी पहुंची, आरोपी वहां से बाइक पर बिठाकर महिला को अपने घर ले गया। वह कहने लगा कि इंतजार करों परिचित आने वाला है। इस दौरान आरोपी ने उससे बलात्कार किया।
इसी थाना क्षेत्र में रहने वाली 25 साल की कल्याणी की शिकायत पर पुलिस ने परिचित पर बलात्कार का मामला दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह मूलत-रायसेन के एक गांव की निवासी है। पिछले दिनों मायके में थी, वहीं रहने वाले गजेंद्र बघेल से उसका परिचय हो गया था। आरोपी महिला के घर आने जाने लगा और कई कामों में उसकी मदद करने लगा। शादी का झांसा देकर आरोपी ने महिला का रेप किया। कई बार संबंध बनाने के बाद आरोपी ने महिला से शादी करने की बात से साफ इनकार कर दिया। पुलिस में जाने पर उसके पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी। अब आरोपी ने महिला से हर तरह का संपर्क खत्म कर दिया है।