वुमन टीम के क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने पर गदगद हुए CM, एमपी की बेटी क्रांति गौड़ को देंगे 1 करोड़ रुपये


स्टोरी हाइलाइट्स

क्रांति इंडियन वूमन क्रिकेट टीम की अहम खिलाड़ी हैं, छतरपुर की बेटी भारत की महिला ऑलराउंडर..!!

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व कप जीतने पर सबको बधाई दी। उन्होंने 3 नवंबर को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रहीं ऑलराउंडर क्रांति गौड़ को एक करोड़ की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। 

क्रांति मध्यप्रदेश के छतरपुर की बेटी हैं। सीएम डॉ. मोहन ने कहा कि बीती रात देश और प्रदेश की बेटियों ने क्रिक्रेट में धूम मचाई है। यह भारत के उच्चतम प्रतिमान स्थापित करते हुए आगे बढ़ने का प्रमाण है। सभी खिलाड़ियों और देशवासियों को बधाई। 

उन्होंने यह घोषणा उस वक्त की जब वे ऊर्जा विभाग की समाधान योजना 2025-26 का भोपाल में शुभारंभ कर रहे थे। 

गौरतलब है कि, 2 नवंबर को भारत ने महिला क्रिकेट विश्व कप का फाइनल जीता था। इस जीत पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा था कि यह ऐतिहासिक जीत है। वर्ष 1973 से प्रारंभ हुई महिला विश्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत ने पहली बार विश्व विजेता बनने का सौभाग्य हासिल किया है।

विश्व कप क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया ने सात बार, इंग्लैंड ने चार बार और न्यूजीलैंड ने एक बार विश्व कप जीता है। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें पहली बार क्रिकेट वन-डे विश्व कप में पहुंची। इसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रेष्ठता प्रमाणित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निश्चित ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पहली बार विश्व विजेता बनना पूरे राष्ट्र के लिए हर्ष का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रवासियों को भी इस जीत पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।