MP News: मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक हैरान कर देने वाली ख़बर सामने आई हैं. यहां पर आपसी विवाद के चलते एक युवक की मौत हो गई. मामला सोमवार रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है. युवक की मौत पर मंगलवार सुबह हंगामा शुरू हो गया. परिजनों और हिंदू संगठनों ने अस्पताल पहुंचकर जमकर विरोध जताया. उन्होंने आरोपियों के घरों और दुकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है.
जानिए क्या है पूरा मामला-
दरअसल, सोमवार रात करीब 10 बजे कैंट थाना इलाके के घोसीपुरा में रहने वाला राजू ग्वाल होटल में खाना खाने गया था. यहां होटल मालिक और उसके बीच में किसी बात को लेकर तू तू मैं मैं शुरू हो गई. फिर देखते ही देखते मामला इतना गरमा गया कि होटल मालिक और उसके साथियों ने राजू ग्वाल पर हमला कर दिया. जिसमें उसे कई गंभीर चोट आई हैं.
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया. हालांकि, हालत नाजुक होने के कारण मंगलवार यानी आज सुबह करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई. फ़िलहाल, ख़बरों के मुताबिक, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पुलिस ने मामले में आगे जांच भी शुरू कर दी है.