देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। कोरोना को देखते हुए चुनाव स्थगित करने की मांग की गई थी। लेकिन अब चुनाव आयोग 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज " शनिवार " कों करेगा। इस साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियां जोरों पर थीं। ऐसी भी अटकलें थीं कि चुनाव आयोग जल्द ही इन राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। आयोग अब आज तारीख की घोषणा करने जा रहा है।

समीक्षा बैठक के बाद तय होगी तारीख :

चुनाव आयोग ने बीते दिनों सभी राज्यों की समीक्षा बैठक कर तारीख लगभग तय कर ली है। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कभी भी की जा सकती है। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 8 चरणों में मतदान हो सकता है, जबकि पंजाब में 3 चरणों में मतदान हो सकता है। इसके अलावा चुनाव आयोग मणिपुर में दो चरणों में, गोवा और उत्तराखंड में एक-एक चरणों में चुनाव की घोषणा कर सकता है। कहा जा रहा है कि 2017 के विधानसभा चुनाव की तारीखों की तरह ही फरवरी और मार्च के पहले सप्ताह में चुनाव संपन्न हो जाएंगे। उत्तर प्रदेश विधान सभा का कार्यकाल मई 2022 में समाप्त हो रहा है, जबकि अन्य चार राज्यों का कार्यकाल मार्च 2022 में समाप्त होगा।

पांच राज्यों में ऐसे समय में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं जब देश में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा मंडरा रहा है और पिछले कुछ दिनों से 1 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। मुंबई-दिल्ली जैसे शहर पहले से ही कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट से पीड़ित हैं। अब कोरोना के बढ़ते खतरे और बाकी शहरों में इसके नए वेरियंट ओमिक्रॉन से पूरे देश में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं । चुनाव आयोग 5 राज्यों में चुनाव के दौरान कोविड प्रोटोकॉल को सख्त कर सकता है। चुनाव रैलियों के लिए भी आयोग नियमों को सख्त कर सकता है। चुनाव आयोग ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को टीका लगवाना जरूरी होगा।