सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज कर दी है। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन रद्द करने के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दखल देने से इनकार करते हुए उनकी याचिका खारिज कर दी। नतीजतन, नामांकन रद्द करने का रिटर्निंग ऑफिसर का फैसला बरकरार रहा। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि वह चुनाव प्रक्रिया में दखल नहीं दे सकता। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दायर कर सकती हैं।

कोर्ट के फैसले के बाद, मीनाक्षी ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया और लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पहले वोट चोरी होते थे, अब सीटें चोरी हो रही हैं। उन्होंने राज्यसभा नामांकन पत्र रद्द करने को राज्य सरकार और चुनाव आयोग की साजिश करार दिया।

बता दें कि कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन की ओर से रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। याचिका में रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को गलत, पक्षपाती और कानून के खिलाफ बताया गया था।

कांग्रेस इसके विरोध में जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने के खिलाफ आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'सत्याग्रह' विरोध प्रदर्शन करेगी।