देश में एक बार फिर से कोरोना वायरस के नए मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसके अलावा, कोरोना का एक नया वैरिएंट ओमिक्रोन तेजी से फैल रहा है। वहीं, दुनिया भर के अन्य देशों के साथ-साथ भारत में भी फिर से प्रतिबंधों का दौर शुरू हो गया है। दूसरी लहर की तरह ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
प्रतिबंधों की बात करें तो दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया गया है और एक बार फिर वर्क फ्रॉम होम सिस्टम लागू किया जा रहा है। मुंबई में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए जल्द ही लॉकडाउन लगाया जा सकता है। वहीं, पंजाब, झारखंड, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं। रात के कर्फ्यू सहित कई अन्य प्रतिबंध लगाए गए हैं।
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 5481 नए मामले सामने आए हैं। अब दिल्ली में संक्रमण दर 8.37% पर पहुंच गई है। इसके अलावा राजधानी में आज 3 लोगों की मौत हो गई है। तो वहीं 1575 मरीज आज ठीक भी हुए हैं।
मुंबई में जल्द लागू हो सकता है लॉकडाउन :
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने मंगलवार को कहा कि, अगर शहर में कोरोना मामलों की संख्या 20,000 से अधिक होती है, तो केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार यहां तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई नहीं चाहता कि लॉकडाउन लगाया जाए, अगर दोबारा लॉकडाउन लगाया गया तो इसका बुरा असर सभी पर पड़ेगा। लेकिन अगर कोविड का मामला 20,000 के पार जाता है तो लॉकडाउन लगाया जाएगा।
मेयर ने लोगों से सार्वजनिक बसों और लोकल ट्रेनों में यात्रा करते समय थ्री लेयर मास्क पहनने की अपील की है। जिनका अभी तक टीकाकरण नहीं हुआ है उन्हें तत्काल टीका लगाने और कोरोना से संबंधित सभी नियमों का सख्ती से पालन करने की बात कहीं हैं। महापौर ने आगे कहा कि यदि शादियां होती हैं, तो उसी के अनुसार योजना बनाएं और सुनिश्चित करें कि इस तरह के आयोजन महामारी का सुपर-स्प्रेडर न बनें।