प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल के दौरे पर हैं। यहां मंडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में हिमाचल का तेजी से विकास हुआ है। हिमाचल में रोजगार का जरिया बनने के लिए हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। हाल ही में 11,000 करोड़ रुपये की लागत से 4 बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इससे हिमाचल की आय बढ़ेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे हिमाचल को हर साल करीब 1.25 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।

हिमाचल प्रदेश सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर मण्डी में आयोजित समारोह कों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भगवान शिव के अनन्य भक्त प्रधानमंत्री मोदी को स्मृति चिन्ह के रूप में त्रिशूल भेंट किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि, हिमाचल से मेरा हमेशा से एक भावात्मक रिश्ता रहा है। हिमाचल की धरती ने मेरे जीवन को दिशा देने में अहम भूमिका निभाई है।

डबल इंजन की सरकार में हिमाचल को मिली तेज गति : मोदी

आज डबल इंजन की सरकार के भी 4 साल पूरे हुए हैं। सेवा और सिद्धि के इन 4 सालों के लिए हिमाचल की जनता जनार्दन को बहुत बहुत बधाई देता हूं। इतनी बड़ी संख्या में और ऐसी कड़ाके की ठंड में हम सबको आशीर्वाद देने आना, इसका मतलब ही है कि इन 4 साल में हिमाचल को तेज गति से आगे बढ़ते हुए आपने देखा है।  बीते चार सालों में हिमाचल को पहला एम्स मिला, हमीरपुर, मंडी, चंबा और सिरमौर में चार नए मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए गए।

हिमाचल वासियों के सपनों को किया पूरा : मोदी

मुख्यमंत्री और उनकी परिश्रमी टीम ने हिमाचल वासियों के सपनों को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। इन 4 वर्षों में 2 साल हमने मजबूती से कोरोना से भी लड़ाई लड़ी है और विकास के कार्यों को भी रुकने नहीं दिया। अभी यहां थोड़ी देर पहले 11,000 करोड़ रुपये की लागत वाले चार बड़े हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास या फिर लोकार्पण भी किया गया है। इनसे हिमाचल की आय बढ़ेगी और रोजगार के हजारों अवसर भी बढ़ेंगे। 

श्री रेणुकाजी बांध परियोजना : मोदी

 

गिरी नदी पर बन रही श्री रेणुकाजी बांध परियोजना जब पूरी हो जाएगी तो एक बड़े क्षेत्र को इससे सीधा लाभ होगा। इस प्रोजेक्ट से जो भी आय होगी उसका भी एक बड़ा हिस्सा यहीं के विकास पर खर्च होगा। श्री रेणुका जी हमारी आस्था का अहम केंद्र है। भगवान परशुराम और उनकी मां रेणुका जी के स्नेह की प्रतीक इस भूमि से आज देश के विकास के लिए भी एक धारा निकली है।

ease of living हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मोदी

देश के नागरिकों का जीवन आसान बनाना, ease of living हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें बिजली की बड़ी भूमिका है। बिजली पढ़ने के लिए, बिजली घर के कार्य निपटाने के लिए, बिजली उद्योगों के लिए इतना ही नहीं अब तो बिजली मोबाइल चार्ज करने के लिए आवश्यक है। भारत ने 2016 में ये लक्ष्य रखा था कि वो साल 2030 तक, अपनी installed electricity capacity का 40%, non-fossil energy sources से पूरा करेगा आज हर भारतीय को इसका गर्व होगा कि भारत ने अपना ये लक्ष्य, इस साल नवंबर में ही प्राप्त कर लिया है।

बेटियों की शादी की उम्र होगी 21 साल :मोदी

हमने तय किया है कि बेटियों की शादी की उम्र भी वही होनी चाहिए, जिस उम्र में बेटों को शादी की इजाजत मिलती है। बेटियों की शादी की उम्र 21 साल होने से, उन्हें पढ़ने के लिए पूरा समय भी मिलेगा और वो अपना करियर भी बना पाएंगी। आज देश में सरकार चलाने के दो अलग अलग मॉडल काम कर रहे हैं। एक मॉडल है - सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। वहीं दूसरा मॉडल है - खुद का स्वार्थ, परिवार का स्वार्थ और विकास भी खुद के परिवार का है। 

देश में अलग-अलग विचारधाराएं : मोदी

हर देश में अलग-अलग विचारधाराएं होती हैं, लेकिन आज हमारे देश के लोग स्पष्ट तौर पर दो विचारधाराओं को देख रहे हैं। एक विचारधारा विलंब की है और दूसरी विकास की। विलंब की विचारधारा वालों ने पहाड़ों पर रहने वाले लोगों की कभी परवाह नहीं की। हमारे जो हेल्थ सेक्टर के लोग हैं, फ्रंटलाइन वर्कर हैं, वो पिछले दो साल से कोरोना से लड़ाई में देश की ताकत बने हुए हैं। इन्हें भी 10 जनवरी से प्री-कॉशन डोज देने का काम शुरू होगा।

सरकार पानी का कनेक्शन देने के लिए आपके दरवाजे पर दस्तक दे रही है : मोदी

पानी के लिए हिमाचल की बहनों-बेटियों को कितनी मेहनत करनी पड़ती थी, ये आपसे बेहतर कौन जान सकता है। आज सरकार खुद पानी का कनेक्शन देने के लिए आपके दरवाजे पर दस्तक दे रही है। देवभूमि हिमाचल की महिला शक्ति ने प्रधानमंत्री के आगमन पर उनके स्वागत में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।