नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक समारोह के दौरान कालीचरण महाराज द्वारा महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. कई नेता मांग कर रहे हैं कि कालीचरण महाराज के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए. इस मुद्दे पर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

रविवार को रायपुर में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान धर्मगुरु कालीचरण महाराज द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा करने के बाद राहुल गांधी ने महात्मा गांधी का एक वाक्य ट्वीट किया, राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “आप मुझे बेड़ियों से जकड़ सकते हैं, यातना दे सकते हैं, आप इस शरीर को ख़त्म भी कर सकते हैं, लेकिन आप मेरे विचारों को क़ैद नहीं कर सकते”- महात्मा गांधी

कालीचरण महाराज ने क्या कहा ?

रायपुर के रावणभाठा मैदान में दो दिवसीय 'धर्म संसद' के अंतिम दिन अपने भाषण में हिंदू गुरु कालीचरण महाराज ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की. इस बार उन्होंने घटिया शब्दों का प्रयोग किया. कालीचरण महाराज ने न केवल गांधीजी को गाली दी बल्कि गांधीजी की हत्या के लिए नाथूराम गोडसे को धन्यवाद भी दिया. उन्होंने यह भी कहा कि धर्म की रक्षा के लिए सरकार के मुखिया के रूप में एक कट्टर हिंदू नेता को चुना जाना चाहिए. इससे पहले यति नरसिंहानंद सरस्वती ने भी गोडसे की प्रशंसा की थी.

हिंदू धर्मगुरु व अन्य के खिलाफ हुई प्राथमिकी दर्ज :

छत्तीसगढ़ पुलिस ने महात्मा गांधी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने और नाथूराम गोडसे की प्रशंसा करने के लिए हिंदू धर्मगुरु कालीचरण महाराज और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. रायपुर के पूर्व मेयर और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे की शिकायत पर पुलिस ने टिकरापारा थाने में आईपीसी की धारा 505 (2), 294 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.