पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा जहां पंजाब में चन्नी सरकार पर हमला कर रही है, वहीं सीएम चन्नी सुरक्षा उल्लंघनों से इनकार कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पंजाब के सीएम चन्नी से बात की है। जिसमें उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी से प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है। सोनिया गांधी ने सीएम चन्नी से बात की और कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए था। जो भी जिम्मेदार है उस पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए और एक पूरी व्यवस्था स्थापित की जानी चाहिए। सोनिया ने कहा कि, प्रधानमंत्री पूरे देश के हैं। चन्नी ने इस घटना के बारे में सोनिया गांधी को भी जानकारी दी और कहा कि उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

सीएम चन्नी ने मीडिया से कहा, "अंतिम समय में पीएम का कार्यक्रम बदल गया।" पीएम को हेलीकॉप्टर से जाना था, लेकिन अचानक उनका प्लान सड़क मार्ग से जाने का तय हुआ। यह पुलिस की गलती नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम किया था, वहां से महज एक किलोमीटर की दूरी पर पीएम के काफिले को रोका गया, तो खतरा क्या था ?

सीएम चन्नी ने किया पंजाब पुलिस का बचाव :

पंजाब पुलिस का बचाव करते हुए सीएम चन्नी ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक केंद्रीय एजेंसियों, इंटेलिजेंस ब्यूरो और एसपीजी की नाकामी के कारण हुई है। लेकिन अधिकारियों ने बताया कि, अचानक सुबह पास के ही एक गांव से 10-12 लोग आ गए और सड़क पर ट्राली लगाकर बैठ गए, जिससे जाम लग गया। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में पीएम मोदी को आना था वह वैसे भी बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए इसमें राज्य पुलिस की गलती नहीं थी।