Jabalpur Bargi Cruise Accident: मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में हुए क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि बरगी बांध में हुआ हादसा चक्रवात की वजह से हुआ है। उसकी विस्तृत जानकारी जांच रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि इस हादसे में मन को बेहद दुख पहुंचा। दुर्घटना में रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को पानी से बाहर निकाला, उनका 15 अगस्त को सम्मान किया जाएगा।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने 1 मई को मीडिया से कहा कि बरगी बांध में हुई दुर्घटना चक्रवात की वजह से घटी है। हमने कल ही अपने पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, एसीएस संजय दुबे के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा। राहत-बचाव के लिए एनडीआरएफ-एसडीआरएफ को लगाया। मुझे मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में 29 लोगों को बचाया गया है।
रेस्क्यू टीम ने किया तत्परता से काम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभी बरगी बांध में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हमने इस घटना को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे की वजह से मन बहुत दुखी है। हमारी रेस्क्यू टीम तत्पर थी। उसने क्रूज को काटकर लोगों को पानी से बाहर निकाला है। रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को निकाला है, हम उन्हें 15 अगस्त को सम्मानित करेंगे।
PM मोीदी ने मृतकों के परिवारों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिवारों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा
गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उनके शाम 4:00 बजे जबलपुर पहुंचने की उम्मीद है।
बता दें, कि मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्रूज़ पलटने से 9 लोगों की मौत हो गई। बरगी बांध हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। इसी बीच एक माँ, अपने 4 साल के बेटे के साथ लाइफ जैकेट में लिपटी मिली। मौत के समय भी मासूम बच्चा अपनी माँ से लिपटा रहा। इन तस्वीरों ने सभी को भावुक कर दिया। माँ ने अपनी आखिरी सांस तक अपने बच्चे को अपनी छाती से लगाए रखा। इस दिल दहला देने वाली तस्वीर ने सबकी आँखों में आँसू ला दिए।
मां और बेटे की AI जनरेटेड एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसने सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के चक्कर में असंवेदनाशील होते लोगों और मानवीय संवेदनाओं को भी झकझोरकर रख दिया है।
बरगी बांध के गहरे पानी में ज़िंदगी की जंग हारने के बाद भी, माँ का ममता भरा प्यार बना रहा। हादसे के बाद बचाव अभियान के दौरान, हर कोई यह देखकर हैरान रह गया कि मासूम बच्चा अभी भी अपनी माँ की छाती से लिपटा हुआ था।
अलावा इसके बरगी हादसे का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग बिना लाइफ जैकेट पहने क्रूज़ पर बैठे दिख रहे हैं।
गौरतलब है, कि गुरुवार 30 अप्रैल की शाम करीब 5:00 बजे, मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी बांध पर अचानक आए तेज़ तूफ़ान के कारण पर्यटन विभाग द्वारा संचालित एक क्रूज़ अचानक पलट गया। अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, 4 लोग अभी भी लापता हैं। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय क्रूज़ पर करीब 43 से 47 पर्यटक सवार थे; हालाँकि, टिकट केवल 29 लोगों के लिए ही जारी किए गए थे।
यह हादसा किनारे से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुआ। जिस समय क्रूज़ पलटा, उस समय हवा की गति 74 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी। बरगी शहर के CSP अंजुल मिश्रा ने बताया कि बचाव अभियान के शुरुआती चरण में SDRF ने कई लोगों को बचाया, लेकिन उसके बाद अंधेरा और खराब मौसम बचाव कार्य में बाधा बन गए। बचाव अभियान शुक्रवार सुबह फिर से शुरू किया गया।
इस बीच, राज्य के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी जबलपुर पहुंच गए। हालांकि, उन्होंने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "नर्मदा नदी में पेट्रोल और डीजल से चलने वाली नावों पर प्रतिबंध है। मुझे इस बात की जानकारी नहीं थी।"
पुराण डेस्क