भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने आज बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग हमारे अच्छे कामों को याद कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी की सुरक्षा के मुद्दे पर कहा कि, पीएम  ने पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और राज्य के लोगों का अपमान करने का काम किया। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा शासन में अमीर लोग और अमीर होते जा रहे हैं। जबकि गरीब और गरीब होता जा रहा है।आगे कहा कि, किसी भी काम में बातें करना आसान है पर अमल करना बहुत मुश्किल है। 

संवैधानिक संस्थाएं रहीं नाजुक :

मनमोहन सिंह ने यह भी कहा कि इस सरकार का नकली राष्ट्रवाद जितना खोखला है उतना ही खतरनाक भी है। यह राष्ट्रवाद अंग्रेजों और राजनेताओं की नीति की तरह है। साथ ही उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर विफल रही है। 

महंगाई से परेशान है लोग :

मनमोहन सिंह ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि, खराब नीतियों के कारण लोग आर्थिक बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रहे हैं। साढ़े सात साल तक सरकार चलाने के बाद भी सरकार ने उनकी कमियों को दूर करने की बजाय पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जवाबदेह ठहराना शुरू कर दिया है। 

विदेश नीति में भी विफल रही सरकार :

मनमोहन सिंह ने आगे कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को आर्थिक नीति की कोई समझ नहीं है। यह मामला देश तक सीमित नहीं है। विदेश नीति में भी सरकार विफल रही है। चीन हमारी सीमा पर बैठा है और हमें दबाने की कोशिश कर रहा है। लेकिन फिर भी सरकार चुप हैं।