मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से रावण दहन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति को यह दावा करते हुए सुना जा सकता है कि कथित तौर पर नशे में धुत्त एक पुरुष और एक महिला ने सुबह लगभग 6 बजे पुतले में आग लगा दी और फिर बिना नंबर प्लेट वाली लाल रंग की कार में भाग गए।
बता दें, कि गुरुवार 2 अक्टूबर की सुबह बाग मुगलिया-आशिमा मॉल इलाके में दो अज्ञात युवकों ने शाम के रावण दहन से पहले पुतले में आग लगा दी और भाग गए। एक पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दावा किया जा रहा है कि पुतला जलाने से पहले दोनों काफी देर तक इलाके में घूमते रहे।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रजनीश कश्यप ने बताया कि पंडित अटल बिहारी वाजपेयी उत्सव समिति के अध्यक्ष आदित्य राम दुबे ने मिसरोद थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। यह धारा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्यों से संबंधित है।
दुबे ने अपनी शिकायत में कहा कि इस कृत्य से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँची है। एसीपी ने कहा कि इसमें शामिल लोगों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दशहरे की शाम को रावण के पुतलों का दहन पारंपरिक रूप से बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में किया जाता है।
पुराण डेस्क