भोपाल: सुधांशु महाराज का भक्ति सत्संग आज से, श्रद्धालुओं को देंगे दीक्षा


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

भेल के दशहरा मैदान पर बहेगी अध्यात्म की गंगा..!!

भोपाल में आचार्य सुधांशु महाराज का चार दिवसीय भक्ति सत्संग गुरुवार से प्रारंभ होगा। सत्संग विश्व जागृति मिशन के भोपाल मंडल द्वारा भेल के दशहरा मैदान में आयोजित किया जा रहा है। सत्संग में मिशन के संस्थापक आचार्य सुधांशु महाराज प्रवचन देंगे।

पहले दिन सत्संग शाम 5 से 7 बजे तक होगा। इसके बाद के दिनों में सत्संग रोज सुबह 8 से 10 व शाम 5 से 7 बजे तक होगा। मंत्र सिद्धि साधना सत्र 2 मार्च को होगा। इस अवसर पर आचार्यश्री श्रद्धालुओं को दीक्षा भी देंगे। इसके लिए श्रद्धालुओं को पंजीयन कराना होगा। 

मिशन के स्थानीय मंडल के प्रधान एमपी उपाध्याय ने बताया कि सत्संग में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश भर के श्रद्धालु और दीक्षार्थी शामिल होंगे। आयोजन स्थल भेल दशहरा मैदान में पंडाल लगाने का काम करीब पूरा हो चुका था, मंगलवार शाम तेज हवा और बारिश के कारण पंडाल गिर जाने के बाद बुधवार इसे पुनः लगाने का काम किया गया।

इससे पहले आचार्य सुधांशु महाराज के भक्ति सत्संग के लिए रविवार को भूमिपूजन किया गया था। मंत्रोच्चार के साथ वैदिक विधि विधान से किये गए भूमिपूजन में सुंदरकांड का पाठ किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे थे।