भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को बड़ी राहत, देश छोड़ने के लिए बढ़ाई गई समय सीमा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी की समय सीमा बढ़ी, गृह मंत्रालय ने जारी किया नया आदेश..!!

भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें अगले आदेश तक वाघा-अटारी सीमा के जरिए देश छोड़ने की अनुमति दे दी है।

गृह मंत्रालय के इस नए आदेश में पिछली अधिसूचना में संशोधन किया गया है, जिसमें कहा गया था कि यह सीमा 30 अप्रैल से बंद रहेगी। अब पाकिस्तानी नागरिक अगले आदेश तक भारत से वापस जा सकेंगे।

ताजा आदेश में कहा गया है, "इस आदेश की समीक्षा की गई है और आंशिक बदलावों के साथ अब यह आदेश दिया गया है कि पाकिस्तानी नागरिक अगले आदेश तक उचित अनुमति के साथ अटारी स्थित एकीकृत चेक पोस्ट के जरिए भारत से पाकिस्तान जा सकते हैं।" 

केंद्र के निर्देश के बाद छह दिनों में 55 राजनयिकों और उनके सहयोगी कर्मचारियों समेत 786 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा पार कर भारत छोड़ चुके हैं। 

यह निर्देश पहलगाम हमले के बाद आया जिसमें पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 25 पर्यटकों और एक कश्मीरी नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।