LPG Cylinder Price Hike: मार्च महीने के पहले दिन गैस सिलेंडरों की कीमतों में बदलाव ने जनता को झटका दिया है। हर महीने की इस बार भी तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर के नए दाम जारी कर दिए है। 19 किलो गैस वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में देश की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 28 से 31 रुपये की बढ़ोतरी की है।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार दिल्ली में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1768.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1740.50 रुपये मिलता था। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 1844.50 रुपये से बढ़कर 1875.50 रुपये हो गई है, जबकि मुंबई में यह 1720.50 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये तक पहुंच गया है। पिछले महीनों की बात करें, फरवरी में इसके दाम में 49 रुपये और जनवरी में इसके दाम में 111 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई थी।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत स्थिर
कमर्शियल सिलेंडर के विपरीत 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 8 अप्रैल 2025 से स्थिर है। पिछले साल अप्रैल में सरकार ने 14.2 किलोग्राम सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ाए थे, जिसमें उज्जवला योजना लाभार्थी और सामान्य उपभोक्ता दोनों शामिल थे. इसके बाद से कोई बदलाव घोषित नहीं किया गया है। मार्च 2026 के लिए घरेल एलपीजी की कीमत दिल्ली में 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये है।
भारत में एलपीजी की कीमतें हर महीने सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड अंतर्राष्ट्रीय मानकों और बाजार कारकों के आधार पर तय करती हैं।
पुराण डेस्क