गुना में महिला को जिंदा जलाया, बचाने की गुहार लगाकर तड़प रही, वीडियो बनाते रहे दरिंदे


स्टोरी हाइलाइट्स

महिला तडपकर खुद को बचाने की गुहार लगाती रही लेकिन आरोपी उसका वीडियो बनाते रहे। 


मध्यप्रदेश के गुना में आदिवासी महिला को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। महिला खेत में काम कर रही थी। आरोपियों ने डीजल डालकर उसे आग लगा दी। इससे वह 80 फीसदी तक झुलस गई है। महिला तडपकर खुद को बचाने की गुहार लगाती रही लेकिन आरोपी उसका वीडियो बनाते रहे। 

बाद मेें महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, यहां से भोपाल रेफर कर दिया। वह बयान देने की स्थिति में ही नहीं है। घटना शनिवार दोपहर को बमोरी के धनोरिया गांव में घटी। महिला के परिजनों ने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जांच के लिए गांव में कलेक्टर और एसपी भी पहुंच गए हैं।

पुलिस ने बताया कि महिला रामप्यारी बाई उसके पति अर्जुन सहरिया काे खेत में जली अवस्था में मिली। अर्जुन ने बताया कि जब वह खेत जा रहा था, तब वहां से कथित आरोपी प्रताप, हनुमत, श्याम किरार अपनी तीनों की पत्नियां और मां ट्रैक्टर से भाग रहे थे। इधर उसकी पत्नी रामप्यारी खेत में पेड़ के पास मिली। उसके सारे कपड़े जल गए थे और वहां से धुआं निकल रहा था। घटना के बाद कलेक्टर और एसपी भी गांव में पहुंचे और परिजनों से बात की।
घटना के बाद कलेक्टर और एसपी भी गांव में पहुंचे।

विवाद की जड़ में साढ़े 6 बीघा जमीन है। इस पर एक साल से आरोपियों ने कब्जा करके रखा था। मई में इस मामले का निबटारा करते हुए तहसीलदार ने जमीन पर सहरिया परिवार को कब्जा दिला दिया था। शनिवार को उन्हें पता चला कि आरोपी जमीन की जुताई कर रहे हैं यह सुनकर महिला तुरंत खेत में पहुंच गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने तब महिला पर डीजल डालकर उसे जला दिया। उस समय महिला का पति वहीं नहीं था। अर्जुन ने बताया कि उन्होंने 23 जून को एसपी को आवेदन भी दिया था। इसमें उन्होंने आरोपियों से अपनी जान का खतरा भी बताया था। 

SEEMAA DIWAN

SEEMAA DIWAN

diwanseema54@gmail.com