उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। नवंबर में ही तापमान दिसंबर या जनवरी जैसा महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर का असर जारी रहेगा। रविवार 16 नवंबर को राजगढ़ और शाजापुर जिलों में रात का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मौसम विभाग ने 23 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 10 दिनों से राजगढ़ ज़िला रात के सबसे कम तापमान के मामले में राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा है।
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात यहां तापमान 6°C रिकॉर्ड किया गया। शाजापुर ज़िले के गिरवर में भी तापमान 6°C तक गिर गया, जो राज्य में सबसे कम तापमान है। गौरतलब है कि यहां तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री कम रहा। शहडोल के कल्याणपुर में 6.2°C, भोपाल-इंदौर में 6.4°C, जबकि उमरिया में 7.3°C और रीवा में 7.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में राज्य के ज़्यादातर ज़िलों में पारा और गिर सकता है। तब तक, ठंड के तेवर तीखे रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इनमें भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, शाजापुर, सतना, शहडोल, जबलपुर, मैहर शामिल हैं। इसी तरह, बैतूल, धार, देवास, शिवपुरी, रीवा, उमरिया, कटनी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छिंदवाड़ा, बालाघाट ज़िलों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम जानकारों के मुताबिक, इस कड़ाके की ठंड का कारण उत्तरी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण चल रही सूखी और ठंडी उत्तरी हवाएं हैं। बता दें कि राजधानी भोपाल में ज़्यादातर स्कूल सुबह 7:30 बजे लगते हैं। अगर स्कूल की दूरी ज़्यादा है, तो वैन और बसें सुबह 6:30 बजे बच्चों को लेने आती हैं। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि ज़िला शिक्षा अधिकारी से बात करके समय बढ़ाया जाएगा। जल्द ही आदेश जारी किया जाएगा।
पुराण डेस्क