ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल की जंग का मंगलवार को 18 वा दिन है। इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन और रॉकेट से हमला किया गया है। हमले से करीब छह घंटे पहले ही दूतावास ने इराक में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की थी।
इसी बीच इजराइल ने दावा किया है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान में बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक की है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक तेहरान के उत्तरी इलाके में कई जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई।
उधर इस तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर है। भारत के दो जहाज आज गुजरात के कांडला पोर्ट और मुंद्रा पोर्ट पहुंचने वाले हैं। ‘नंदा देवी’ जहाज करीब 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर कांडला पहुंचेगा, जबकि ‘जग लाडकी’ जहाज करीब 81 हजार टन कच्चा तेल लेकर मुंद्रा पोर्ट पहुंचेगा। ये दोनों जहाज होर्मुज स्ट्रेट से तेल और गैस लेकर भारत आ रहे हैं।
इससे पहले भारतीय जहाज शिवालिक सोमवार को एलपीजी लेकर मुंद्रा पोर्ट पहुंच चुका है। इस जहाज पर करीब 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी है, जो लगभग 32.4 लाख घरेलू गैस सिलेंडरों के बराबर है।
भारत ने होर्मुज स्ट्रेट के पास दो वॉरशिप तैनात किए
भारत ने ईरान के पास मौजूद दुनिया के अहम समुद्री रास्ते होर्मुज स्ट्रेट के पास अपने दो युद्धपोत तैनात किए हैं। अठक ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारतीय नौसेना के ये टास्क फोर्स जहाज तेल और गैस लेकर भारत आने वाले व्यापारिक जहाजों और टैंकरों को सुरक्षा देंगे। साथ ही जरूरत पड़ने पर उन्हें हर तरह की सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते खतरे के बीच भारत अपने ऊर्जा सप्लाई मार्ग और समुद्री व्यापार की सुरक्षा को लेकर सतर्क है।
इजराइल ने लेबनान में एयरस्ट्राइक की
इजराइली एयरफोर्स ने रविवार सुबह दक्षिणी लेबनान के कई शहरों और गांवों पर हवाई हमले किए। इन हमलों में तैयबेह शहर भी शामिल है, जहां गोलाबारी भी की गई। लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक इजराइली विमानों ने मजादेल और जिबकीन इलाकों पर भी बमबारी की। अभी तक इन हमलों में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कुवैत ने 16 हिजबुल्ला समर्थकों को गिरफ्तार किया
कुवैत के गृह मंत्रालय ने बताया कि उसने हिजबुल्लाह से जुड़े 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 14 कुवैती और 2 लेबनानी नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इन लोगों पर कुवैत में तोड़फोड़ की साजिश रचने का आरोप है।
बहरीन ने अब तक 350 मिसाइल इंटरसेप्ट की
बहरीन सेना ने बताया है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने 350 मिसाइलों और ड्रोन को मार गिराया है। बहरीन डिफेंस फोर्स के मुताबिक, पिछले दो हफ्तों से ज्यादा समय में 129 मिसाइलें और 221 ड्रोन सफलतापूर्वक रोककर तबाह कर दिया।
5 देशों ने हिजबुल्लाह से हथियार डालने को कहा
कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और ब्रिटेन के नेताओं ने लेबनान के उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह से हथियार डालने की अपील की है। हिजबुल्लाह ईरान के समर्थन में इजराइल के खिलाफ हमले कर रहा है।
पुराण डेस्क