महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच उद्धव ठाकरे के इस्तीफ़े के बाद बीजेपी और शिंदे गुट ने सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस कल सीएम पद की शपथ लेंगे। तो वहीं एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम होंगे।

इस बीच शिंदे गुट के नेता दीपक केसरकर बोले, हम सभी जानते हैं कि महाराष्ट्र में क्या चल रहा है। हम जश्न मना रहे हैं लेकिन उत्साह ज्यादा नहीं हैं। क्योंकि हम कभी भी हमारे नेता उद्धव जी को नाराज नहीं करना चाहते थे। कांग्रेस, राकांपा से नाराजगी के कारण हमें अपने ही नेता से लड़ना पड़ा।

हम लगातार कहते रहे हैं कि हमारी मूल सहयोगी भाजपा है। हमने मिलकर चुनाव लड़ा था। हालांकि, हमारे बीच मतभेद बढ़ाने की बार-बार कोशिश की गई। हमने अभी यहां विधायकों की बैठक की। अब एकनाथ शिंदे साहब मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। जानकरी के अनुसार, आज 3 बजे फडणवीस और शिंदे राज्यपाल से मिलेंगे।  

शिवसेना के बागी नेता शिंदे ने कहा कि सरकार बनने को लेकर 'क्या और कितने मंत्री पद' होंगे, इस पर बीजेपी से कोई चर्चा नहीं हुई है। लेकिन इस पर जल्द ही चर्चा की जाएगी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि इन सभी मामलों पर जल्द ही चर्चा की जाएगी। तब तक कृपया मंत्रियों की सूची और उनके बारे में जारी अफवाहों पर विश्वास न करें।

उद्धव ने सीएम पद से दिया इस्तीफा-

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद कल रात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे फेसबुक पर लाइव आये। उद्धव ने फेसबुक लाइव कर एक भावनात्मक संदेश देकर इस्तीफा दे दिया। हालांकि, उद्धव ठाकरे ने फ्लोर टेस्ट का सामना नहीं करने और अपनी सरकार की उपलब्धियों की सराहना की है।

महाराष्ट्र में उद्धव सरकार के शक्ति परीक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मैराथन बहस हुई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले ठाकरे खेमे, एकनाथ शिंदे समूह और राज्यपाल की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में राज्यपाल के फैसले को बरकरार रखा था। जिसके बाद कल विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराने का आदेश दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने राज्यपाल के फैसले को बरकरार रखा और फ्लोर टेस्ट पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हालांकि फ्लोर टेस्ट के लिए कुछ शर्तें हैं। लेकिन इन सबके बीच उद्धव ठाकरे ने सीएम पद से इस्तीफ़ा दे दिया।

फेसबुक लाइव पर उद्धव ठाकरे के बयान की बड़ी बातें-

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, हमारे कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की। उद्धव ठाकरे ने सोनिया गांधी और शरद पवार को भी धन्यवाद दिया।

1. उन्होंने कहा, हमने औरंगाबाद का नाम बदला।

2. हमारी सरकार ने माफ किया किसानों का कर्ज।

3. हमने लोगों के हित में काम किया और सभी का आशीर्वाद हमारे साथ है।

4. मुझे आश्चर्य होता है कि जिनको हमने सब कुछ दिया वे हमारे विरुद्ध हैं और जिन्हें कुछ नहीं दिया वे हमारे साथ हैं।