रोहित शेट्टी अपनी आने वाली फिल्म 'सिंघम अगेन' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में अजय देवगन लीड रोल में नजर आएंगे। वहीं कुछ वक्त पहले अजय ने ऐलान किया था कि दीपिका पादुकोण भी इस फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगी। अब फिल्म को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है।
सूत्रों ने बताया... 'दीपिका, रोहित की 'सिंघम अगेन' के लिए बहुत उत्साहित हैं। वह इस यूनिवर्स की पहली महिला पुलिसकर्मी की भूमिका निभाएंगी और उन्होंने इस एक्शन से भरपूर फिल्म के लिए तैयारी शुरू कर दी है। दीपिका का किरदार एक लेडी सिंघम की तर्ज पर है और वह अजय की बहन की भूमिका निभाएंगी। फिल्म की शूटिंग सितंबर में शुरू होगी और अगस्त 2024 में बड़े परदे पर रिलीज होगी।
'बता दें कि 2011 को रिलीज हुई इस फ्रेंचाइज की पहली फिल्म 'सिंघम' ने बॉक्स ऑफिस पर 100.30 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। तीन साल बाद यानी 2014 को फ्रेंचाइज का दूसरा पार्ट रिलीज हुआ था। इसने बॉक्स ऑफिस पर कुल 140.62 करोड़ रुपए कमाए थे। 'सिंघम' में अजय के साथ काजल अग्रवाल तो 'सिंघम रिटर्न्स' में करीना कपूर नजर आई थीं। वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका जल्द ही फिल्म ‘फाइटर’ में भी नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ ऋतिक रोशन भी लीड रोल में दिखाई देंगे। ये फिल्म अगले साल 25 जनवरी को रिलीज होगी।